भिलाई स्टील प्लांट शेड्यूल्ड ट्राइब एम्पलाईज वेलफेयर एसोसिएशन ने रावघाट माइंस में किया संगठन का विस्तारभिलाई, 24 सितंबर 2025: भिलाई स्टील प्लांट शेड्यूल्ड ट्राइब एम्पलाईज वेलफेयर एसोसिएशन ने रावघाट माइंस का दौरा कर वहां कार्यरत अनुसूचित जनजाति (ST) कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित की। इस दौरान संगठन ने अपने गठन के उद्देश्यों, गतिविधियों और कार्ययोजनाओं को विस्तार से बताया। कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को संगठन के समक्ष रखा, जिन्हें गंभीरता से सुना गया। संगठन ने इन मुद्दों को प्रबंधन के साथ-साथ राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के समक्ष भी उठाने का निर्णय लिया है।पूर्व में रावघाट माइंस के दौरे के दौरान प्रबंधन को कर्मचारियों द्वारा समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन एक साल बीत जाने के बावजूद इन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे वहां कार्यरत कर्मचारी निराश और प्रभावित हैं। कर्मचारियों द्वारा उठाई गई प्रमुख समस्याएं निम्नलिखित हैं – □ कैंटीन सुविधा का अभाव : कर्मचारियों के लिए रावघाट माइंस में कैंटीन की व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें नाश्ता व भोजन संबंधी असुविधा हो रही है।□ शैक्षिक शुल्क प्रतिपूर्ति का अभाव : कर्मचारियों के बच्चों के ट्यूशन, वार्षिक या अन्य शुल्क की प्रतिपूर्ति का कोई प्रावधान नहीं है।□ मेडिकल इंश्योरेंस की आवश्यकता : सेक्टर-9 अस्पताल के अलावा अन्य निजी अस्पतालों में इलाज पर खर्च राशि की प्रतिपूर्ति के लिए क्लेम की सुविधा नहीं है। कर्मचारियों ने मेडिकल इंश्योरेंस की मांग की है ताकि आसपास के अस्पतालों में इलाज संभव हो सके।□ HRA में संशोधन की मांग : कर्मचारियों को ज्वाइनिंग के समय के पुराने बेसिक वेतन का केवल 10% HRA मिल रहा है। जोकि वर्त्तमान समय के हिसाब से कम है। इसे वर्त्तमान महंगाई के हिसाब से संशोधित करने की आवश्यकता है। अन्य भी बहुत सारी कई समस्याएं हैं जिस पर संगठन ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ही प्रबंधन और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के साथ पत्राचार करने का आश्वासन दिया है। क्योंकि सभी कर्मचारियों के साथ-साथ इसमें हमारे सदस्यगण भी प्रभावित हैं। इस दौरे के दौरान संगठन ने रावघाट माइंस में अपने संगठन का विस्तार किया और निम्नलिखित पदों के लिए सदस्यों का चयन विभागीय समिति के लिये किया गया:अध्यक्ष : श्री धारावत मधुउपाध्यक्ष : श्री देवेन्द्र कुमार मरकामसचिव : भुवनेश्वर कांगेसह-सचिव : सुरेश जूरीकोषाध्यक्ष : प्रदीप कुमारबैठक को सफल बनाने में रावघाट माइंस के सदस्य मोरध्वज सिंह, चंदुराम कोरेटी, दिलीप कुमार ठाकुर, प्रदीप कोठारी, गजेन्द्र कुमार भूआर्य, धारावत मधु, देवेन्द्र कुमार मरकाम, भुवनेश्वर कांगे, सुरेश कुमार, अविनाश बरसा एवं संगठन के अध्यक्ष प्रदीप टोप्पो, महासचिव श्याम सुंदर मुर्मू, कोषाध्यक्ष भिमांशु कच्छप, संयुक्त कोषाध्यक्ष हेमलाल करमाली एवं संयुक्त महासचिव (प्रथम) ललित कुमार बघेल का सक्रिय योगदान रहा। यह बैठक STs कर्मचारियों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। संगठन ने भविष्य में भी रावघाट माइंस में कार्यरत कर्मचारियों के हितों के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया है।

