THANK YOU BHILAI : सेवा, सम्मान और संवेदना के 9 वर्ष पूर्ण 10वें वर्ष में भव्य प्रवेशभिलाई शहर केवल औद्योगिक पहचान नहीं, बल्कि सेवा, संस्कृति, सहअस्तित्व और सामाजिक चेतना की जीवंत मिसाल रहा है। इसी भावना को समर्पित THANK YOU BHILAI अभियान ने अपने 9 सफल वर्ष पूर्ण कर लिए हैं और अब यह आयोजन 10वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस अवसर पर शपथ फाउंडेशन के आह्वान पर एक भव्य, गरिमामय और भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है


।यह कार्यक्रम दिनांक 2 फरवरी 2026, सोमवार,स्थान – स्मारक पार्क, भिलाई,समय – शाम 4:00 बजे से आयोजित होगा।पिछले नौ वर्षों से THANK YOU BHILAI मंच के माध्यम से भिलाई की उन विभूतियों को सम्मानित किया जाता रहा है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में निस्वार्थ सेवा, उत्कृष्ट कार्य और सामाजिक योगदान से शहर को गौरवान्वित किया है। इस क्रम में हर वर्ष नवरत्न सम्मान प्रदान किया जाता है, जो चिकित्सा, शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा, कला एवं संस्कृति, उद्योग, महिला सशक्तिकरण, खेल, पर्यावरण जैसी विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को समर्पित होता है।इसके साथ-साथ इस वर्ष कार्यक्रम में तीन विशिष्ट सेवा सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे, जो उन व्यक्तित्वों को समर्पित होंगे जिन्होंने बिना किसी प्रचार के निरंतर समाजसेवा को अपना जीवन उद्देश्य बनाया। साथ ही भिलाई में निवासरत विभिन्न समाजों को समाज श्री सम्मान देकर शहर की गंगा-जमुनी संस्कृति, एकता और आपसी सौहार्द का सम्मान किया जाएगा।कार्यक्रम की शुरुआत धर्म गुरुओं के मंगल आशीर्वचन से होगी, जो इस आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक संदेश प्रदान करेगा। विशेष आकर्षण के रूप में THANK YOU BHILAI का प्रतीकात्मक कट-आउट बैलून के माध्यम से आकाश में छोड़ा जाएगा, जो भिलाई के प्रति कृतज्ञता का संदेश पूरे शहर में प्रसारित करेगा।यह आयोजन किसी एक संस्था का नहीं, बल्कि पूरे भिलाई का सामूहिक उत्सव है उन लोगों के लिए जिन्होंने इस शहर को कर्मभूमि माना और इस शहर ने उन्हें अपनाया।शपथ फाउंडेशन समस्त नागरिकों से अपील करता है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें और THANK YOU BHILAI की भावना को और अधिक सशक्त बनाएं।भिलाई को धन्यवाद कहने का यह अवसर सभी का है, सबके लिए है।

